बेरूत। दक्षिणी लेबनान के शहर बिंत जबील में रविवार को हुए इजराइली ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस हमले में एक मोटरसाइकिल और एक वाहन को निशाना बनाया गया, जिससे दो अन्य लोग घायल हुए।
लोकसभा अध्यक्ष नबिह बेरी ने पुष्टि की कि मृतकों में एक पिता और उसके तीन बच्चे शामिल थे, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हैं। पीड़ित परिवार अमेरिकी नागरिक था। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक की लहर पैदा कर दी है।
इजराइली सेना ने दावा किया कि इस हमले में हिज्बुल्लाह का एक सदस्य मारा गया, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि “कुछ निर्दोष नागरिक भी हताहत हुए।” सेना ने घटना की समीक्षा की घोषणा करते हुए निर्दोषों के मारे जाने पर खेद जताया है।
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह हमला “नागरिकों के खिलाफ खुला अपराध और दक्षिणी गांवों में लौट रहे लोगों को डराने का प्रयास” है। प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि इजराइल की आक्रामक कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
यह घटना उस समय सामने आई है जब इजराइल ने नवंबर में हुए अमेरिका-समझौते के बाद से हिज्बुल्लाह की ठिकानों को लगातार निशाना बनाया है। समझौते का उद्देश्य दक्षिणी लेबनान में तनाव कम करना था, लेकिन इजराइली हमले जारी रहने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है।
इस बीच, अमेरिका, सऊदी अरब और लेबनान में हिज्बुल्लाह के विरोधी गुट संगठन पर हथियार छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। हालांकि, हिज्बुल्लाह ने दोहराया है कि जब तक इजराइल हवाई हमले बंद नहीं करता, तब तक किसी भी तरह की निरस्त्रीकरण की बात करना “गंभीर भूल” होगी।
ड्रोन हमले में बच्चों और नागरिकों की मौत ने लेबनान-इजराइल सीमा पर बढ़ते तनाव को और गहरा कर दिया है। क्षेत्रीय सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ऐसी घटनाएं जारी रहती हैं, तो यह संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है।