धारी देवी मंदिर पहुंचे सीएम धामी, श्रद्धालुओं संग साझा किया आपदा का दर्द और भरोसा

पौड़ी/देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आपदा की विकट परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पावन धारी देवी मंदिर पहुंचे। चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का हवाई एवं स्थलीय निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने पौड़ी जनपद में स्थित मां धारी देवी के चरणों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और आपदा से शीघ्र राहत की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “मां धारी देवी उत्तराखंड की आराध्य हैं। इस कठिन समय में मैं उनके चरणों में संपूर्ण प्रदेशवासियों के लिए शांति, शक्ति और सुरक्षित भविष्य की प्रार्थना करने आया हूं।”

श्रद्धालुओं से भावुक संवाद

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और मंदिर समिति पदाधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी ली और लोगों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद तक राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

इस दौरान श्रद्धालु भी भावुक हो उठे। इंदौर से आए तीर्थयात्री संतोष पाठक ने मुख्यमंत्री धामी को “हिंदू हृदय सम्राट” की उपाधि देते हुए कहा कि आपदा के समय जिस संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता से मुख्यमंत्री कार्य कर रहे हैं, वह प्रेरणादायक और प्रशंसनीय है।

चारधाम यात्रा व्यवस्था की सराहना

श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने सरकार द्वारा आपदा के बावजूद चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन और सुरक्षा इंतजामों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को निरंतर जारी रखने के लिए मजबूत प्रबंधन किया है।

अलकनंदा तट का निरीक्षण

मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर परिसर और अलकनंदा नदी के तट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नदी के दोनों किनारों पर भू-कटाव रोकने के लिए ठोस सुरक्षा दीवारों का निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ किया जाए। साथ ही कहा कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न हो और कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता पूरी तरह सुनिश्चित की जाए।

“प्रदेश सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है”

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा—
“हमारा संकल्प है कि हम हर पीड़ित तक पहुंचें, उसकी ज़रूरत समझें और उसे फिर से सामान्य जीवन की ओर ले जाएं। राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है और हर संभव सहायता प्रभावितों तक पहुंचाई जाएगी।”

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे साथ

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक आशा नौटियाल (केदारनाथ), विधायक भरत सिंह चौधरी (रुद्रप्रयाग), जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित अनेक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल आपदा प्रभावित लोगों के बीच भरोसा जगाने वाला साबित हुआ, बल्कि श्रद्धालुओं के बीच भी यह संदेश गया कि सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.