रुड़की। नगर में रामलीलाओं का उत्सव रंग पकड़ चुका है। शुक्रवार रात को बीटी गंज स्थित श्री रामलीला समिति (रजि.) के तत्वावधान में 106वें भव्य रामलीला महोत्सव का शुभारंभ विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुरोहितों—पंडित राजकुमार कौशिक, पंडित सचिन शास्त्री, पंडित रोहित जैमिनी, पंडित सत्येंद्र पूरी, पंडित कुलदीप शर्मा, पंडित रामगोपाल पाराशर, पंडित पवन वत्स, पंडित हर्ष शास्त्री और पंडित बबलू शर्मा—द्वारा मंत्रोच्चारण और पूजा-पाठ के साथ किया गया। इस दौरान यजमानों ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना और श्री गणेश की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
वक्ताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र जीवन के हर पहलू में अनुकरणीय है। उनका पूरा जीवन त्याग, धर्म और सत्य के पालन पर आधारित था। उन्होंने कहा कि जब भी पृथ्वी पर अत्याचार बढ़ा, भगवान ने अवतार लेकर दुष्टों का विनाश किया। आज के समय में पारिवारिक और सामाजिक विघटन का मुख्य कारण भारतीय संस्कारों से दूरी है, इसलिए समाज को श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारना चाहिए।
समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल ने कार्यक्रम का संचालन किया। महोत्सव में नगर की प्रथम महिला मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, पूर्व मेयर गौरव गोयल, विधायक प्रदीप बत्रा, यशपाल राणा, संजय अरोड़ा, अक्षय प्रताप सिंह, इंजीनियर चैरब जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर चौधरी धीर सिंह, अरविंद कश्यप, डॉ. सौरभ गुप्ता, नितिन गोयल, गौरव कौशिक, सावित्री मंगला, नवीन जैन एडवोकेट, रविंद्र खन्ना, महेंद्र काला, गौरव मेहंदीरत्ता, संयोजक मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष शशिकांत अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत गर्ग, प्रदीप परुथी और दीपक शुक्ला भी मौजूद रहे।
रामलीला महोत्सव के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही और पूरा वातावरण जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष रामलीला मंचन विशेष आकर्षणों के साथ होगा, जिसमें सामाजिक और धार्मिक संदेश भी समाहित किए जाएंगे।