रुड़की। श्री रामलीला समिति (रजि.) बीटी द्वारा आयोजित होने वाले 106वें रामलीला महोत्सव की तैयारियां विधि-विधान के साथ शुरू हो गई हैं। आयोजन स्थल पर पंडित बबलू शास्त्री द्वारा पूजा-अर्चना और हवन कर रंगमंच स्थल का शुद्धिकरण किया गया। परंपरा के अनुसार सर्वप्रथम विघ्नहर्ता भगवान गणेश जी का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, मेयर और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
संस्था के महामंत्री सौरभ सिंघल ने जानकारी दी कि हनुमान जी के आशीर्वाद से रामलीला की तैयारियां विधिवत आरंभ हो चुकी हैं। भूमि पूजन के बाद मंच निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर से भव्य रामलीला महोत्सव का शुभारंभ होगा, जो लगातार चौदह दिनों तक चलेगा।
इस महोत्सव में भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन के साथ-साथ सनातन धर्म की झांकियां भी देखने को मिलेंगी। वहीं, इस बार ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी देशभक्ति की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। खास बात यह है कि दिल्ली के प्रसिद्ध कलाकार इस रामलीला में अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
सौरभ सिंघल ने बताया कि रुड़की की रामलीला उत्तराखंड की सबसे भव्य और दिव्य रामलीलाओं में गिनी जाती है। एक सदी से भी अधिक का इतिहास समेटे यह मंचन अब अपनी गौरवमयी परंपरा का हिस्सा बन चुका है और हर वर्ष हजारों भक्त इसका आनंद लेने आते हैं।
भूमि पूजन के अवसर पर मुख्य यजमान मेयर अनीता अग्रवाल, अक्षय प्रताप सिंह, सतीश सैनी, अरविंद कश्यप, नितिन गोयल, नवीन जैन एडवोकेट सहित समिति के अध्यक्ष सुबोध गुप्ता, संयोजक मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शशिकांत अग्रवाल और उपाध्यक्ष नवनीत गर्ग मौजूद रहे। इसके अलावा विशाल गुप्ता, प्रदीप परूथी, दीपक शुक्ला, सावित्री मंगला, अभिषेक मित्तल, पार्षद शिवम अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग भी इस शुभ अवसर के साक्षी बने।