हरिद्वार: महिला मित्र की बेरहमी से हत्या, आरोपी चालक ने किया सरेंडर

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र से शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक सिरफिरे युवक ने अपनी महिला मित्र की हत्या कर दी। मृतका की पहचान पिंकी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शिवलोक कॉलोनी की रहने वाली थी और ब्यूटी पार्लर चलाती थी। घटना के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वारदात गुरुवार देर रात हुई। सुबह लगभग 5 बजे पुलिस को सूचना मिली और मौके पर पहुंचकर महिला का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिला अस्पताल में तैनात एसीएमओ का चालक मुकेश पुजारी ही इस हत्याकांड के पीछे है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी मुकेश ने पिंकी के सिर पर लोहे की रोड से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया।

इस बीच, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरवी सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी मुकेश पुजारी की नियुक्ति स्थायी है और घटना की जानकारी विभाग को दी गई है। फिलहाल रानीपुर कोतवाली पुलिस हत्या के पीछे के असली कारणों की पड़ताल कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश दोनों ही देखने को मिल रहे हैं। इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर किस वजह से आरोपी ने इतना बड़ा कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से इस हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.