हरिद्वार: एसएसपी ने ली जवानों की परेड, फिटनेस व अनुशासन पर दिया विशेष जोर

हरिद्वार। शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन रोशनाबाद में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने प्रातःकालीन परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में जवान शामिल हुए।

परेड की शुरुआत एसएसपी को सलामी देने से हुई। इसके बाद जवानों ने असलाह के साथ परेड मैदान में दौड़ लगाई और फिर विभिन्न ड्रिल अभ्यास किए। परेड के दौरान जवानों का जोश और अनुशासन साफ नजर आया।

परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन मैस और अन्य विभागीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कमियों को दूर करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक को जवानों के लिए स्वादिष्ट और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

एसएसपी डोबाल ने कहा कि जवानों की फिटनेस और अनुशासन पुलिस बल की रीढ़ है। इसके लिए उन्होंने क्षेत्राधिकारी लाइन और प्रतिसार निरीक्षक को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक जवानों की नियमित रूप से परेड में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी फिटनेस बरकरार रहे और कार्यकुशलता में भी सुधार हो।

लाइन परिसर का भ्रमण करते समय एसएसपी ने उन स्थानों का भी निरीक्षण किया, जहां सुधार की आवश्यकता थी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों को दूर किया जाए।

एसएसपी डोबाल की इस परेड और निरीक्षण से न केवल जवानों में उत्साह बढ़ा, बल्कि अनुशासन और फिटनेस पर बल देने का संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने आया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के नियमित निरीक्षण और परेड से जवानों की कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि होती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.