देहरादून में भाजपा सरकार का पुतला दहन, कांग्रेस ने गैरसैंण सत्र पर उठाए गंभीर सवाल

देहरादून।प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार की कथित उत्तराखंड विरोधी नीतियों के खिलाफ आज पूरे राज्य में जिला मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला दहन किया। राजधानी देहरादून में यह कार्यक्रम महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में ऐस्लेहॉल चौक पर आयोजित हुआ।

इस मौके पर बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना भी मौजूद रहे। महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गैरसैंण में चल रहे वर्षाकालीन सत्र के दौरान धामी सरकार विपक्ष को पूरी तरह नजरअंदाज कर रही है और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बच रही है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि भाजपा सरकार ने न सिर्फ विपक्ष की आवाज दबाई है, बल्कि उसने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन की भावना की भी अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को राज्य की प्रस्तावित राजधानी मानते हुए वहां विधानसभा सत्र की परंपरा कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी, लेकिन भाजपा सरकार विपक्षी दलों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा न कर लोकतंत्र की परंपराओं को चोट पहुंचा रही है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली से राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों का भी अपमान हुआ है। गैरसैंण को राज्य निर्माण आंदोलन की आत्मा माना जाता है, और उसकी उपेक्षा करना जनता की भावनाओं के विपरीत है।

कांग्रेस ने ऐलान किया कि वह भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली का पुरजोर विरोध जारी रखेगी और जनता की आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आशा डोबरियाल शर्मा, नजाम खान, चंद्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवाड़ी, कोमल बोहरा, संगीता गुप्ता, दीपा चौहान, भावना, विमला, अनीता दास, रेखा ढींगरा, आकांक्षा, मंजीत और लीला रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.