बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया कि राज्य सरकार द्वारा सारकोट में बीते वर्षों में कई विकास कार्य कराए गए हैं और भराड़ीसैंण से सारकोट तक सड़क निर्माण की स्वीकृति एवं कार्य शुरू हुआ है।
प्रियंका नेगी ने मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष गांव से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि गांव में लगातार जंगली जानवरों का खतरा बढ़ रहा है, ऐसे में सोलर फेंसिंग की व्यवस्था की जाए ताकि ग्रामीण सुरक्षित रह सकें। इसके अलावा उन्होंने गांव से जुड़ने वाले आंतरिक मार्गों को बेहतर बनाने और रात के समय सुविधा के लिए सोलर लाइटें लगाने का भी अनुरोध किया।
ग्राम प्रधान ने आगे कहा कि गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए उन्हें स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे उनकी आजीविका के अवसर बढ़ सकें। इसके साथ ही उन्होंने गैरसैंण स्थित निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाल रोग विशेषज्ञ और महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की भी मांग की, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े।
मुख्यमंत्री धामी ने ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी को बधाई दी और कहा कि जो भी समस्याएं और मांगें उनके सामने रखी गई हैं, उनका जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारकोट की तरह अन्य गांवों को भी आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
इस अवसर पर अपर सचिव श्री मनमोहन मैनाली भी मौजूद रहे।