After Header-1

अंबाला में उत्तराखंड के युवक की हत्या पर सीएम धामी-सैनी की बड़ी बातचीत

अंबाला में उत्तराखंड के युवक साहिल बिष्ट की हत्या के मामले ने दोनों राज्यों की सरकारों को सक्रिय कर दिया है। इस संवेदनशील प्रकरण पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से दूरभाष पर बातचीत की।

मुख्यमंत्री धामी ने हरियाणा सरकार से अनुरोध किया कि इस घटना में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें कठोरतम दंड दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं है, बल्कि पूरे उत्तराखंड की भावनाओं से जुड़ा मामला है।

इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हरियाणा पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा चुके हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। सैनी ने यह भी जोड़ा कि इस मामले में न्याय दिलाने के लिए हरियाणा सरकार हर संभव कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में उत्तराखंड सरकार परिवार के साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई में हर सहयोग देगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार पीड़ित परिवार को हर तरह की सहायता उपलब्ध कराएगी।

इस घटना के सामने आने के बाद उत्तराखंड और हरियाणा दोनों राज्यों में लोगों की निगाहें इस पूरे मामले पर टिकी हुई हैं। आमजन की यही मांग है कि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.