कार को ट्रेलर ने कुचला, एंबुलेंस जाम में फंसी: जानिए कैसे गई 5 ज़िंदगियां

राजस्थान के दौसा जिले में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे-21 पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने डिवाइडर पार कर सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, कार में सवार पांच लोग जयपुर से परीक्षा दिलवाकर अपने गांव लौट रहे थे। महवा में लाइब्रेरी और कोचिंग चलाने वाले यादराम मीणा (36) कार चला रहे थे। उनके साथ अर्चना मीणा (20), मोनिका मीणा (18), वेदिका मीणा और मुकेश महावर (27) भी थे।

कैलाई-दुब्बी के पास लोहे से भरा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार कर कार से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। मौके पर ही यादराम और मोनिका की मौत हो गई, जबकि बाकी तीनों को गंभीर हालत में दौसा अस्पताल पहुंचाया गया।

हालत बिगड़ने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें लेकर आ रही एंबुलेंस घाट की गुणी टनल में भारी जाम में फंस गई। इस वजह से घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल पाया और जयपुर पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। मरने वालों में दो सगी बहनें भी थीं, जिनकी परीक्षा के बाद घर वापसी अचानक अंतिम यात्रा बन गई।

प्रशासन और पुलिस हादसे की जांच में जुटे हैं, जबकि ट्रेलर चालक फरार बताया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.