MP: मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन के दिन मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा सकता है। एक तरफ इंदौर और उज्जैन संभाग के अधिकांश जिलों में तेज धूप खिलने की संभावना है, वहीं दूसरी ओर पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को श्योपुर, मुरैना, पन्ना, कटनी, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, धार, बड़वानी, अलीराजपुर और झाबुआ में मौसम साफ रहने की संभावना है।
राजधानी भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश के आसार नहीं हैं। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मंडला और सीधी में करीब सवा इंच बारिश हुई, जबकि छतरपुर के नौगांव में आधा इंच से अधिक पानी गिरा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अभी बारिश की दो प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन वे मध्य प्रदेश से दूर हैं। हालांकि, 13 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है, जिससे प्रदेश में फिर से अच्छी बारिश की शुरुआत हो सकती है। यह दौर अगस्त के अंत तक बना रह सकता है।
1 जून से 31 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 28.8 इंच बारिश हुई थी, लेकिन अगस्त की शुरुआत कमजोर रही है। 1 से 7 अगस्त के बीच मात्र 0.8 इंच पानी ही गिरा है।