धन सिंह रावत पहुंचे आपदा प्रभावित गांव, किए बड़े ऐलान

थलीसैंण में राहत कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के सख्त निर्देश

आशीष सिंह 

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने थलीसैंण ब्लॉक के बांकुड़ा चौथान गांव का दौरा कर हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

दौरे के दौरान मंत्री रावत ने प्रभावित ग्रामीणों का हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आपदा में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में हर पीड़ित के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों की आर्थिक, सामाजिक और मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

मंत्री ने मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की बहाली तत्काल की जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में टीम तैनात रखने के आदेश दिए, ताकि ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके और किसी को भी स्वास्थ्य संकट का सामना न करना पड़े।

राहत और पुनर्वास कार्यों की धीमी गति पर चिंता जताते हुए मंत्री रावत ने अधिकारियों को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को बिना मदद के नहीं छोड़ा जाएगा और सभी को सरकार की ओर से आवश्यक सहायता मिलेगी।

इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री को आपदा के दौरान झेली गई कठिनाइयों और वर्तमान में बनी समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों का जल्द समाधान होगा।

दौरे में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मंत्री का यह दौरा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की उम्मीद और विश्वास को मजबूत करने वाला साबित हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी समस्याएं अब सीधे सरकार के संज्ञान में आ गई हैं और उम्मीद है कि जल्द ही राहत कार्यों की गति और तेज होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.