Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। बीते कई दिनों से हो रही बारिश ने अब तेज़ी पकड़ ली है, जिससे 20 से अधिक जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तेज़ बारिश के चलते प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है, और स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। शाम को कुछ देर राहत मिली, लेकिन रात होते-होते एक बार फिर आसमान ने अपना कहर बरपाया। शुक्रवार तड़के से हो रही लगातार बारिश के कारण लखनऊ प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी विशाख जी ने यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया।
उधर जौनपुर में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। ऐसे में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
अमेठी और सुलतानपुर जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और मूसलधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 से 48 घंटे तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की गई है कि आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।