भीमताल। उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को नई मजबूती देते हुए आईटीसी होटल्स लिमिटेड ने भीमताल में अपने नए फॉर्च्यून लेकव्यू भीमताल होटल का शुभारंभ किया है। शांत झील और हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित यह 63 कमरों वाला होटल पर्यटकों, कॉर्पोरेट यात्रियों और डेस्टिनेशन वेडिंग की योजना बनाने वालों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा।
आईटीसी होटल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिल चड्ढा ने कहा कि उत्तराखंड कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन बाजार है और फॉर्च्यून लेकव्यू भीमताल राज्य में उनका 12वां होटल है। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस होटल से भीमताल झील और आसपास की पर्वत श्रृंखलाओं का मनमोहक दृश्य दिखाई देता है। यहां से नैनीताल, सातताल, नौकुचियाताल और कैंची धाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
होटल में लगभग 200 मेहमानों की क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल, आधुनिक कॉन्फ्रेंस सुविधाएं और एक विशेष बोर्डरूम उपलब्ध कराया गया है। यही कारण है कि यह होटल कॉर्पोरेट ऑफ-साइट्स, लीडरशिप रिट्रीट, छोटी शादियों और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयुक्त विकल्प माना जा रहा है।
मेहमानों के लिए होटल में ऑल-वेदर स्विमिंग पूल, आधुनिक जिम और जल्द शुरू होने वाला स्पा जैसी वेलनेस सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। खानपान के शौकीनों के लिए होटल का ‘ज़ोडियाक’ रेस्टोरेंट स्थानीय कुमाऊँनी व्यंजनों के साथ भारतीय और अंतरराष्ट्रीय स्वाद का विशेष अनुभव प्रदान करेगा।
भीमताल आने वाले पर्यटक झील में बोटिंग, कायाकिंग, ट्रेकिंग, माउंटेन बाइकिंग, बर्ड वॉचिंग और फोटोग्राफी जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। आसपास स्थित नौकुचियाताल, सातताल और मुक्तेश्वर जैसे पर्यटन स्थलों पर पैराग्लाइडिंग, रॉक क्लाइंबिंग, ज़िपलाइनिंग और कैंपिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियां भी उपलब्ध हैं।
होटल के मालिक हेमंत द्विवेदी ने कहा कि फॉर्च्यून लेकव्यू भीमताल का उद्देश्य केवल बेहतर आतिथ्य सेवाएं देना ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह होटल अवकाश यात्राओं, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और कॉर्पोरेट आयोजनों के लिए उत्तराखंड की नई पहचान बनेगा।