उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से वार्षिक स्थानांतरण सत्र-2026 के तहत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां की गई हैं, जिससे विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

जारी आदेश के तहत वरिष्ठ अधिकारी विनोद प्रसाद सेमल्टी को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं के. एस. रावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा तथा अपर परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से विद्यालयी शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

इसी क्रम में विनोद कुमार ढौंडियाल को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर का प्रभारी सचिव बनाया गया है। इसके अलावा गोविंद राम जायसवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून की जिम्मेदारी भी दी गई है।

वहीं रणजीत सिंह नेगी को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), नैनीताल नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल और लोक सेवा अधिकरण, नैनीताल में नोडल अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने का उद्देश्य शिक्षा विभाग की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से विभागीय समन्वय बेहतर होगा, योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।

सरकार का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारी शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों को तेजी से लागू करेंगे, जिससे विद्यालयों के संचालन, प्रशासनिक कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.