उत्तम डिस्टिलरी में बाढ़ का खतरा, पुलिस और जल पुलिस ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन!

हरिद्वार:  उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब औद्योगिक क्षेत्रों तक भी पहुंच चुका है। बुधवार सुबह  हरिद्वार के थाना बहादराबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम  अहमदपुर में स्थित उत्तम डिस्टिलरी फैक्ट्री में अचानक बाढ़ का पानी घुस गया। इस दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे करीब 150 कर्मचारी और ट्रक चालक अंदर फंसे रह गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। थाना बहादराबाद से वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप राठौर, चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, और रात्रि अधिकारी राकेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने  फायर ब्रिगेड और जल पुलिस को भी सूचना देकर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कराया।

पुलिस और बचाव दलों ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया और फैक्ट्री के भीतर फंसे 40 से ज्यादा मजदूरों, कर्मचारियों और 12 ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी को नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया**, जहां उनकी स्थिति की जांच के बाद प्राथमिक चिकित्सा भी उपलब्ध कराई गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री के चारों ओर पानी के बहाव को देखते हुए सावधानीपूर्वक दीवारों को जांचा और संभावित खतरे से लोगों को तुरंत बाहर निकाला। राहत कार्य में जल पुलिस और दमकल विभाग की टीमों की भूमिका भी अहम रही।

प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने आगे भी ऐसी स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं और फैक्ट्रियों को बारिश के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.