After Header-1

हरिद्वार यौन शोषण कांड: भाजपा ‘बेटी बचाओ’ में लगी है या ‘अपराधी बचाओ’ में ? कांग्रेस ने उठाए सवाल

देहरादून : हरिद्वार में हुए शर्मनाक यौन शोषण कांड को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले में अपने रसूखदार नेताओं को बचाने का प्रयास कर रही है।
दसौनी ने कहा कि भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनामिका शर्मा और उसके प्रेमी सुमित पटवाल को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है। जांच के दौरान आगरा के एक होटल के रजिस्टर में तीन नए नामों का खुलासा हुआ है, जो कथित तौर पर प्रभावशाली नेता और उच्च पदस्थ अधिकारी हो सकते हैं।

गरिमा ने आरोप लगाया कि जिस तरह से अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी का नाम छिपाया गया था, उसी तरह इस मामले में भी लीपापोती की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अनामिका के पास नेताओं और अफसरों से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक सबूत मौजूद हैं। उनके मोबाइल से बरामद 16GB डाटा इस पूरे सेक्स रैकेट की परतें खोल सकता है, लेकिन सबूत मिटाने के प्रयास हो रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने पीड़िता के हवाले से बताया कि अनामिका ने अपनी 13 वर्षीय बेटी को अपने प्रेमी और उसके दोस्तों को ‘परोस’ दिया था। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच हाई कोर्ट की निगरानी में कराई जाए, 16GB डाटा को सार्वजनिक किया जाए, और रजिस्टर में दर्ज तीनों नामों का खुलासा कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

दसौनी ने कहा कि भाजपा की चुप्पी इस बात का प्रमाण है कि वह इस घिनौने अपराध में शामिल अपने लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा राज में कानून व्यवस्था किस नीति के तहत काम कर रही है – ‘बेटी बचाओ’ या ‘अपराधी बचाओ’?

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.