पुराना पुल ढहने से बड़ा हादसा: पुणे के तलेगांव में 5 की मौत, कई लापता

पुणे जिले के तलेगांव क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहाँ इंद्रायणी नदी पर स्थित एक पुराना पुल अचानक तेज बहाव और भारी बारिश के चलते ढह गया। यह हादसा कुंडमाल के पास उस समय हुआ जब कई लोग पुल पर खड़े होकर नदी के बढ़े हुए जलस्तर का दृश्य देख रहे थे। प्रशासन को आशंका है कि इस दुर्घटना में करीब 20 से 25 लोग नदी में बह गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। नदी में तेज बहाव के कारण बचाव कार्यों में कठिनाई आ रही है, लेकिन टीमें हर संभव प्रयास कर रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल कई सालों से जर्जर हालत में था और वाहनों की आवाजाही के लिए पहले ही बंद कर दिया गया था। हालांकि, बारिश के चलते नदी में पानी का स्तर अचानक काफी बढ़ गया और इसे देखने के लिए लोग पुल पर जमा हो गए। इसी दौरान पुल का एक हिस्सा ढह गया और वहां खड़े लोग पानी के तेज बहाव में बह गए।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों से यह भी सामने आ रहा है कि पुल की मरम्मत या उसे पूरी तरह से हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

मौके पर पहुंचकर जिला प्रशासन, पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हैं। साथ ही नदी किनारे लगे इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों को वहां न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर से बुनियादी ढांचे की लापरवाही और समय रहते सुरक्षा उपाय न अपनाने की गंभीरता को उजागर करता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.