17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुआ बैठक का आयोजन

रामगढ़: 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा अभियान के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को उप विकास आयुक्त श्री रोबिन टोप्पो की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि “स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता” विषय पर 17 सितंबर से 1 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाना है। मौके पर उन्होंने स्वच्छता ही सेवा अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जेएसएलपीएस, पंचायती राज, मनरेगा, नगर परिषद सहित अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत निर्धारित कैलेंडर के अनुरूप अलग अलग तिथियों पर संचालित की जाने वाली गतिविधियों को लेकर जानकारी देते हुए अधिकारियों को गतिविधियों से संबंधित फोटोग्राफ नियमित रूप से पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, रामगढ़ को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने 17 सितंबर से शुरू हो रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के पूर्व 15 सितंबर तक जिले के अलग-अलग क्षेत्र में सीटीयू(क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट) चिन्हित करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता रैली, स्वच्छता शपथ, सेमिनार, विभिन्न प्रतियोगिताएं आदि का आयोजन कर बच्चों को स्वच्छता ही सेवा अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के जिला समन्वयक आईईसी कॉर्डिनेटर, यूनिसेफ सहयोगी संस्था के जिला समन्वक के द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों एवं अभियान के सफल आयोजन को लेकर किए जाने वाले कार्यों को लेकर सभी को जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, डीआरसीएचओ, डीपीएमएसएलपीएस, परियोजना पदाधिकारी डीआरडीए, डीपीओ नमामि गंगे, नगर प्रबंधक नगर परिषद, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.