After Header-1

प्रधानमंत्री मोदी ने येचुरी के निधन पर जताया शोक, राहुल गांधी ने कहा- उनके साथ हुईं लंबी बातचीत को याद करूंगा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव और राज्यसभा के पूर्व सदस्य सीताराम येचुरी के निधन पर शोक जताया और कहा कि वह वामपंथियों में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व थे तथा दलगत राजनीति से ऊपर सभी से जुड़ने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते थे। येचुरी का बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। उनकी हालत पिछले कुछ दिन से गंभीर बनी हुई थी और उन्हें कृत्रिम श्वसन प्रणाली पर रखा गया था।

पीएम मोदी ने येचुरी के साथ मुलाकात की एक तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीताराम येचुरी जी के निधन से दुखी हूं। वह वामपंथियों में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व थे और दलगत राजनीति से ऊपर सभी से जुड़ने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘येचुरी ने एक प्रभावी सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।’’

राहुल ने येचुरी के निधन पर जताया शोक
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) नेता सीताराम येचुरी को अपना परम मित्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा “सीताराम येचुरी जी मित्र थे। हमारे देश की गहरी समझ रखने वाले भारत के विचार के संरक्षक। मैं हमारे बीच होने वाली लंबी चर्चाओं को याद करूंगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।” कांग्रेस ने अपने आधिकारिक पेज पर ट्वीट कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा “माकपा के महासचिव और वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.