जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा

रामगढ़ । शुक्रवार को उपायुक्त रामगढ़ चंदन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों से सम्बंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो ने उपायुक्त को धान आदि प्राप्ति के विरूद्ध किए गए भुगतान की जानकारी दी। जिसपर उपायुक्त ने शेष बचे किसानों को जल्द से जल्द भुगतान करने का निर्देश दिया।

गरीब एवं योग्य लोगों को राशन कार्ड के लाभ से आच्छादित करने के लिए उपायुक्त ने वैसे लाभुक जो राशन कार्ड का लाभ प्राप्त करने की योग्यता नहीं रखते हैं उसके बावजूद भी राशन कार्ड का लाभ ले रहे हैं उनके विरूद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करने एवं उनसे जुर्माना वसूलते हुए कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों को स्वयं राशन कार्ड सरेंडर करने के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को विशेष कैंप आयोजित कर राशन कार्ड के लाभुकों का लंबित आधार सीडिंग एवं मोबाइल सीडिंग को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सोना सोबरन धोती साड़ी योजना, हरा राशन कार्ड, मुख्यमंत्री मंत्री दाल-भात योजना आदि की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान अपर समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अंचल अधिकारी चितरपुर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों, एसएमपीओ सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.