ब्रिक्स घोषणा पत्र से भारतीय कारोबार को मिलेंगे नए वैश्विक अवसर?

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जारी नई दिल्ली घोषणा पत्र को चांदनी चौक सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने भारतीय व्यापार और उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र से भारतीय व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप और निर्यातकों के लिए व्यापार, निवेश और वैश्विक बाजार में विस्तार के नए अवसर पैदा होंगे।

खंडेलवाल ने रविवार को कहा कि नई दिल्ली घोषणा पत्र भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व मंच पर मजबूत होती देश की भूमिका का प्रमाण है। उन्होंने विशेष रूप से व्यापार सुगमता, स्थानीय मुद्राओं में लेन-देन, डिजिटल भुगतान, तकनीकी सहयोग और मजबूत आपूर्ति शृंखला पर दिए गए जोर का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि इन पहलों से भारतीय कारोबारी ब्रिक्स देशों के बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ा सकेंगे। निष्पक्ष और नियम आधारित वैश्विक व्यापार व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता तथा संरक्षणवादी नीतियों के विरोध से भारत जैसे विकासशील देशों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

कैट महामंत्री ने कहा कि घोषणा पत्र आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की सोच के अनुरूप है। इससे भारतीय निर्माताओं, व्यापारियों और उद्यमियों को वैश्विक मूल्य शृंखलाओं से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार और फिनटेक को लेकर ब्रिक्स के रुख को भी महत्वपूर्ण बताया।

खंडेलवाल ने आतंकवाद के खिलाफ कड़े रुख को भी भारत की दीर्घकालिक नीति को मिले अंतरराष्ट्रीय समर्थन के रूप में देखा। उन्होंने नई दिल्ली घोषणा पत्र की भावना के अनुरूप ‘ब्रिक्स ट्रेड कनेक्ट मिशन’ शुरू करने का सुझाव दिया। इसके तहत भारतीय व्यापारियों और एमएसएमई को बाजार की जानकारी, खरीदार-विक्रेता बैठकें, निर्यात सहायता और व्यावसायिक नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।

उन्होंने कहा कि नई दिल्ली घोषणा पत्र केवल कूटनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि व्यापार विस्तार, आर्थिक विकास और वैश्विक सहयोग की दिशा में एक संभावित रोडमैप है। इससे भारतीय व्यापारियों, उद्यमियों, एमएसएमई और उद्योग जगत को वैश्विक स्तर पर नए अवसर मिल सकते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.