देहरादून। उत्तराखंड में ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) की बहाली की मांग को लेकर रविवार को देहरादून के परेड ग्राउंड से हजारों कर्मचारियों और शिक्षकों ने विशाल रैली निकाली।

रैली के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाई। प्रदेश के सभी 13 जिलों से पहुंचे कर्मचारी और शिक्षक इस आंदोलन में शामिल हुए।
उत्तराखंड OPS आंदोलन में प्रदेश के करीब 71 कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों ने भागीदारी की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उसी राजनीतिक दल का समर्थन किया जाएगा, जो ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली का समर्थन करेगा।
गढ़वाल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (ग्रुटा) के अध्यक्ष प्रो. डॉ. आरके पाठक ने OPS बहाली आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम कर्मचारियों का हक है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाना जरूरी है।
रैली में डीएवी पीजी कॉलेज, डीबीएस पीजी कॉलेज और एमकेपी पीजी कॉलेज देहरादून के शिक्षकों ने भी भागीदारी की। डॉ. अनूप मिश्रा ने कहा कि कर्मचारी अपने हकों के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे और पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान डॉ. रवि शरण दीक्षित, डॉ. विवेक त्यागी, डॉ. परितोष, डॉ. आराधना शुक्ला, डॉ. पुनीत सैनी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।