नए चेहरों पर भाजपा की नजर

  • कई सांसदों का टिकट काट एकदम नए लोगों पर दांव लगा सकती है पार्टी
  • संगठन से सरकार तक बीजेपी में कई बड़े चेहरों पर गुमनामी का संकट

-कृति सिंह, नई दिल्ली।
2023 का साल बीत गया। पिछला वर्ष किसके लिए कैसा रहा, इसका आकलन हो रहा है तो नए वर्ष में किसके लिए क्या संभावनाएं और चुनौतियां हैं, यह अनुमान लगाने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। देश की राजनीति में छाई भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिहाज से देखें तो 2023 का वर्ष उतार से ज्यादा चढ़ाव वाला रहा है। पार्टी अब 2024 में कई मोर्चों पर नए इतिहास रचने की तैयारी में है। इसके लिए उसे कुछ बदलाव लाने हैं तो कई जगहों पर निरंतरता का दामन थामे रहना है।
हाल ही में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्री चुने गए हैं और उनके नामों से ये संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले लोकसभा चुनावों में पार्टी का एक ‘नया अवतार’ दिखेगा। पार्टी नेताओं का कहना है, ‘देखना होगा कि किसे लोकसभा का टिकट नहीं मिलता है और क्या किसी मुख्यमंत्री को चुनाव लड़ने के लिए कहा जाता है। कई सांसद अपना टिकट खो सकते हैं, कुछ मंत्री भी हटाए जा सकते हैं और चुनाव लड़ने वाले मुख्यमंत्रियों पर नई भूमिका में खरे उतरने की तलवार लटकी रहेगी।’ इनका मकसद केंद्र की सत्ता में लगातार तीसरा कार्यकाल सुनिश्चित करके नेहरू वाली कांग्रेस पार्टी के रिकॉर्ड की बराबरी करने के का है।
अपने फैसलों से सभी को चौकाने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी लोकसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में भी आश्चर्यजनक निर्णय कर सकते हैं। यह लोकसभा चुनाव कई तरह से ऐतिहासिक होगा। सूत्रों की मानें तो इस बार कई भाजपा सांसदों के टिकट कटना तय है। उनकी जगह किसान, गरीब, युवा और महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जातिवाद की राजनीति पर कड़ा प्रहार करते हुए जातियों की नई परिभाषा गढ़ी थी। उन्होंने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को चार जातियां बताया था। भाजपा इन्हें अब संसद में भेजने की रणनीति बनाने में जुटी है।
इससे गांव और मोहल्लों में रहने वाले उन पढ़े-लिखे, प्रगतिशील और अपने काम के बल पर उपलब्धि प्राप्त करने वाले किसान, गरीब, युवा और महिलाओं का राजनीति में आने का मार्ग खुल जाएगा, जो अच्छी सोच रखने के बावजूद संसाधनों के अभाव और राजनीतिक बैकग्राउंड न होने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के विजन से संसद पहुंचकर देश के लिए कुछ अलग करने का मौका मिल सकता है।
सूत्र तो यह भी दावा कर रहे हैं कि इस बार खास को टिकट मिलने की बजाय भाजपा के जिला, मंडल और बूथ स्तर पर काम करने वाले साधारण कार्यकर्ता को भी लोकसभा चुनाव के लिए टिकट मिल सकता है। जिन किसानों ने कृषि में नई सोच के साथ उन्नत खेती कर अपनी आमदनी बढ़ाई है, उन प्रगतिशील किसानों को भी मोदी लोकसभा चुनाव के जरिए भारत की सर्वोच्च संस्था संसद में भेज सकते हैं।
आत्मनिर्भर बन देश के लिए रोल मॉडल बने युवा और महिलाओं को बड़ी संख्या में मौका मिल सकता है। ऐसे गरीब, जिनके पास विजन है, उपलब्धि है, नई सोच है, लेकिन धन के अभाव में वह राजनीति के मैदान में उतरने का साहस नहीं उठा पाते, मोदी उन्हें भी लोकसभा चुनाव का टिकट देकर देश सेवा का मौका दे सकते हैं। इससे प्रधानमंत्री आने वाली पीढ़ी के सामने कई संदेश देंगे।
केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण कानून को पास कराकर नारी शक्ति में पार्टी की पैठ को मजबूत किया था। महिलाओं को लोकसभा चुनाव में अधिक टिकट देकर पार्टी दूसरे दलों के लिए मजबूत चुनौती पेश करेगी। सबसे बड़ा प्रहार परिवाद पर होगा। इससे यह संदेश जाएगा कि सिर्फ मंत्री, सांसद और विधायकों के बच्चों के लिए ही राजनीति के दरवाजे नहीं खुले, बल्कि भाजपा में आमजन का भी संसद और विधान सभा पहुंचने का उतना ही अधिकार है।
बूथ और मंडल स्तर के छोटे से कार्यकर्ता को मौका देकर यह संदेश भी दिया जाएगा कि यदि पार्टी के लिए निष्ठा और लगन से काम करने वालों को कभी भी मौका मिल सकता है। उसे किसी को गॉड फादर बनने की जरूरत नहीं होगी। राजनीतिक आकाओं के बिना भी संसद और विधान सभा में पहुंचा जा सकता है। साथ ही बाहुबल और धनबल के बिना भी राजनीति में आकर देश सेवा की जा सकती है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर भी होगा बदलाव?

हाल की विधानसभा चुनावों में जीत के बाद भाजपा को केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा है। एक पार्टी सूत्र के मुताबिक, अगर बीजेपी जीतती है तो नए मंत्रिमंडल पर गौर करना होगा। कुछ पुराने चेहरों को हटाया जा सकता है और नए लोगों को मंत्रालय दिए जा सकते हैं। कुछ नेताओं का मानना है कि पार्टी संगठन में भी बदलाव हो सकते हैं। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है। कुछ लोगों का कहना है कि संगठन के अनुभवी नेता धर्मेंद्र प्रधान या भूपेंद्र यादव, नड्डा की जगह ले सकते हैं। हालांकि, एक नेता ने कहा कि किसी को भी यकीन से कुछ नहीं कहा जा सकता। भाजपा सूत्र ने कहा, ‘कुछ नहीं कहा जा सकता। एमपी और राजस्थान के मुख्यमंत्री चुनाव देखिए। जिन नामों की चर्चा हो रही थी, उनमें से कोई नहीं चुना गया। आज की बीजेपी में किसी अप्रत्याशित नाम को नकारा नहीं जा सकता।’

लोकसभा के बाद विधानसभा चुनावों पर नजर

भाजपा को लोकसभा चुनाव के बाद तीन राज्यों में विधानसभा चुनावों की तैयारी करनी होगी। 2024 में महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में चुनाव होने हैं। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में भी सितंबर तक चुनाव कराए जाने हैं। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि विधानसभा वाले राज्यों में भी कुछ चौंकाने वाले फैसले हो सकते हैं। हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व का रास्ता अपनाती है या नहीं। किसान आंदोलन के बाद हरियाणा को जीतना आसान नहीं हो सकता है। जाटों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन किया था और कांग्रेस के पास जाट नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा हैं।

जाट समुदाय को साधने की कवायद

21 दिसंबर को भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह के सहयोगी के चुने जाने के बाद सरकार विरोध को कम करने के लिए तेजी से हरकत में आई और तीन दिन बाद कुश्ती संघ को निलंबित कर दिया। ज्यादातर कुश्ती खिलाड़ी जो बृज भूषण पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा रहे हैं, हरियाणा से हैं और बीजेपी के इस कदम को राज्य और खासकर जाट समुदाय को दिए जा रहे संकेत के रूप में लिया गया है कि वह उनके साथ खड़ी है। पार्टी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के कथित अपमान को लेकर विपक्ष पर भी हमला किया है। धनखड़ भी जाट समुदाय से हैं।

फडणवीस की किस्मत पर ग्रहण?

महाराष्ट्र में यह देखना होगा कि क्या देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा क्योंकि एनडीए का विस्तार हुआ है और सत्ता के और भी दावेदार हैं। एक भाजपा नेता ने कहा कि नेतृत्व की दावेदारियां बढ़ रही हैं और पार्टी संतुलन बनाने की कोशिश कर सकती है, जो फडणवीस के पक्ष में नहीं हो सकता है। एक ब्राह्मण होने के नाते फडणवीस अल्पसंख्यक जाति से आते हैं और राजस्थान में भजनलाल शर्मा के रूप में पहले ही एक ब्राह्मण को मुख्यमंत्री बनाया जा चुका है।

झारखंड में सरकार बनाने की उम्मीद

भाजपा झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने की उम्मीद कर रही है। भाजपा के झारखंड प्रदेश प्रमुख बाबूलाल मरांडी का ग्राफ हाल के महीनों में बढ़ता हुआ दिख रहा था, लेकिन एक आदिवासी विष्णु देव साई को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बना देने के बाद आदिवासी सीएम कोटा पर गहन विचार हो सकता है। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों को संदेह है कि अगर पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) को हरा देती है तो बाबूलाल मरांडी ही झारखंड के मुख्यमंत्री होंगे, इसकी गारंटी अब नहीं दी जा सकती है।

दिल्ली में केजरीवाल के खिलाफ रणनीति

दिल्ली में 2025 के शुरू में चुनाव होंगे। यहां पार्टी अगले सालभर अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) पर कथित भ्रष्टाचार पर दबाव बनाए रखने की रणनीति पर कायम रह सकती है, ताकि वह राष्ट्रीय राजधानी में मतदाताओं के बीच आप की छवि बिगाड़ सके। आप गरीबों को सब्सिडी के आधार पर विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराने में सफल रही है, हालांकि संसदीय चुनावों में पूरा माहौल बदल जाता है। भाजपा चाहेगी कि मतदाताओं का ध्यान सस्ते बिजली-पानी के मुद्दे से हटाकर केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार की तरफ आकर्षित किया जाए। एक भाजपा नेता ने कहा, ‘कोई इस बात को लेकर सटीक जानकारी नहीं दे सकता कि 2024 में भाजपा किस तरह के चेहरों में बदलाव देखेगी, लेकिन बड़े पैमाने पर नेतृत्व परिवर्तन होने की उम्मीद है। जिस तरह 2019 में कुछ चेहरे गुमनामी में चले गए और नए चेहरे सामने आए, 2024 में शायद इससे भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।’

Leave A Reply

Your email address will not be published.