“जब विधायक ही सुरक्षित नहीं…” गोदियाल का सरकार पर बड़ा हमला, वायरल पत्र से बढ़ा सियासी तूफान

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के विधायक ही खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

गोदियाल ने दावा किया कि वह पिछले तीन दिनों से राज्यपाल से एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर मिलने का समय मांग रहे थे, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने यह मामला मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।

इस पत्र को भाजपा विधायक अरविंद पांडेय से जुड़ा बताया जा रहा है। गोदियाल के अनुसार, पत्र में लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और इसकी सत्यता की जांच न्यायिक निगरानी में कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने, फर्जी मुकदमे दर्ज कराने और परिवार पर दबाव बनाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

गोदियाल ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने मीडिया के एक वर्ग पर भी सरकार के दबाव में भ्रामक खबरें फैलाने का आरोप लगाया।

उन्होंने एक विवादित नाम का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे लोगों से कथित संबंध होना चिंता का विषय है और इससे सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े होते हैं। गोदियाल ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे राज्य, जो शहीदों के बलिदान से बना है, वहां कानून व्यवस्था पर किसी भी तरह का सवाल गंभीर है। यदि एक जनप्रतिनिधि ही असुरक्षित महसूस कर रहा है, तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.