नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ( Prime Minister Narendra Modi) ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर ( Jammu and Kashmir)में पिछले चार साल जमीनी स्तर के लोकतंत्र में नए सिरे से विश्वास के प्रतीक रहे हैं और मोहभंग, निराशा एवं हताशा की जगह विकास, लोकतंत्र एवं गरिमा ने ली है।
उच्चतम न्यायालय द्वारा अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के केंद्र सरकार के फैसले को बरकरार रखने के बाद मंगलवार को कई अखबारों में छपे आलेख में मोदी ने उल्लेख किया कि इस मुद्दे से कई दशकों से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक सदस्य के रूप में जुड़े रहते हुए उन्होंने इसमें शामिल बारीकियों और जटिलताओं के बारे में कैसे सूक्ष्म समझ विकसित की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट हैं कि जम्मू-कश्मीर के लोग विकास चाहते हैं और अपनी क्षमता एवं कौशल के आधार पर भारत के विकास में योगदान देना चाहते हैं।
मोदी कहा कि वे अपने बच्चों के लिए हिंसा और अनिश्चितता से मुक्त जीवन की बेहतर गुणवत्ता चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने नागरिकों की चिंताओं को समझने, सहायक कार्यों के माध्यम से विश्वास पैदा करने तथा ‘‘विकास, विकास तथा और अधिक विकास’’ को प्राथमिकता देने के तीन स्तंभों को प्राथमिकता दी है।