After Header-1

मध्यप्रदेश : कांग्रेस की चुनाव संबंधित समितियां घोषित

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस ने आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में प्रदेश की चुनाव समिति की घोषणा कर दी।कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इसके साथ ही 34 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति की भी घोषणा की गई है। इसकी कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया को सौंपी गई है।

बीस सदस्यीय चुनाव समिति में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, सांसद विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, नकुलनाथ, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विजय लक्ष्मी साधौ, तरुण भनोत, ओमकार सिंह मरकाम, सुखदेव पांसे, बाला बच्चन, कमलेश्वर पटेल, जीतू पटवारी और विधायक आरिफ मसूद को भी शामिल किया गया है।

वहीं चुनाव अभियान समिति में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह समेत अन्य सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह और विधायक लक्ष्मण सिंह, हिना कांवरे, लाखन सिंह यादव और सुरेंद्र सिंह बघेल को भी सदस्य बनाया गया है।कांग्रेस ने कल ही प्रदेश चुनाव के लिए सीनियर ऑब्जर्वर के तौर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला की नियुक्ति की है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.