After Header-1

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर 100 यूनिट बिजली मुफ्त : नाथ

धार (मप्र)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को ऐलान किया कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में यदि प्रदेश में उनकी पार्टी सत्ता में आएगी तो लोगों को 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त में दी जाएगी और 200 यूनिट तक बिजली का बिल मौजूदा दर के मुकाबले आधा किया जायेगा।

कमलनाथ ने धार जिले के बदनावर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं पहली दफा कह रहा हूं कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर 100 यूनिट बिजली मुफ्त में दी जाएगी और 200 यूनिट तक बिजली का बिल आधा किया जायेगा।’’

उन्होंने कहा कि हमारे दिल-दिमाग में समाज के सबसे कमजोर वर्ग को सशक्त और सुदृढ़ बनाने की सोच है। कमलनाथ ने दोहराया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर राज्य में गरीब महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये देगी और मध्य प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेगी।

मालूम हो कि भाजपा नीत मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ के तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं ने अपना पंजीकरण कराया है। इस योजना के तहत सभी पात्र महिलाओं को राज्य सरकार से वित्तीय सहायता के रूप में प्रति माह 1,000-1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मार्च में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य प्रदेश की गरीब एवं मध्यम परिवार की महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.