After Header-1

ली किआंग चीन के नये प्रधानमंत्री पद पर काबिज

बीजिंग। चीन की संसद ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग के करीबी सहयोगी ली किआंग की देश के नये प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्ति की  पुष्टि की। वह ली खछ्यांग का स्थान लेंगे, जो पिछले 10 साल से दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के प्रधानमंत्री पद पर काबिज रहे।

नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) के वार्षिक सत्र में ली किआंग की उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी गयी। राष्ट्रपति शी ने खुद उनके नाम का प्रस्ताव दिया था। शी के करीबी लोगों में कारोबारी समर्थक नेता कहे जाने वाले ली किआंग (63) सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) तथा सरकार में दूसरे नंबर के अधिकारी होंगे। इससे पहले राष्ट्रपति के तौर पर शी के अभूतपूर्व तीसरे कार्यकाल पर शुक्रवार को मुहर लगी थी।

पार्टी के संस्थापक माओ त्से-तुंग के बाद शी (69) इकलौते नेता हैं, जिन्हें दो से अधिक बार पांच साल का कार्यकाल मिला है और ऐसी उम्मीद है कि वह जीवनभर इस पद पर बने रह सकते हैं। प्रांतीय स्तर पर शी के साथ काम कर चुके ली किआंग चीन के सबसे बड़े आधुनिक कारोबारी हब शंघाई में पार्टी के प्रमुख रह चुके हैं। उनके पिछले साल कोविड-19 के मामलों को फैलने से रोकने के लिए लगाये लॉकडाउन की तीखी आलोचना की गयी थी। ऐसी उम्मीद है कि ली किआंग दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में निजी क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ ही विदेशी निवेश को बढ़ाने के लिए प्रेरित करेंगे। निवर्तमान प्रधानमंत्री ली खछ्यांग ने इस साल अर्थव्यवस्था के लिए पांच प्रतिशत की वृद्धि दर का प्रस्ताव दिया है, जो दशकों में सबसे कम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.