‘भारत जोड़ो यात्रा’ : राहुल गांधी ने कहा, एकता व सौहार्द के उद्देश्य से आरंभ की यात्रा

शिमला। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल प्रदेश के मानसर में प्रवेश की है। गांधी का  सीएम सुक्खू , उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भव्य स्वागत किया। यात्रा को लेकर रहुल गांधी ने कहा,  भारत जोड़ो यात्रा आरम्भ करने का उद्देश्य देश में एकता और सौहार्द का संदेश देना है।

नफरत वाली विचारधारा के विरुद्ध है यह यात्रा

राहुल गांधी ने कहा कि लगभग चार माह पूर्व कन्याकुमारी से शुरू की गई यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी व आरएसएस की नफरत वाली विचारधारा के विरुद्ध है। इसके साथ-साथ यात्रा के माध्यम से सरकार को बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के प्रति आगाह भी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी सारी नीतियां कुछ उद्योगपति मित्रों को खुश करने के लिए बना रही है। चाहे नोटबंदी हो या फिर जीएसटी, केंद्र सरकार के फैसले मजदूर, गरीब व आम आदमी के हित में नहीं हैं।

विपक्ष की आवाज को दबा रही है सरकार

सरकार हर मंच पर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। विपक्ष के नेताओं को संसद में बोलने का अवसर नहीं दिया जाता। श्री गांधी ने कहा कि पहले भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित नहीं थी, लेकिन हिमाचलवासियों के स्रेह के कारण यात्रा रूट में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को पूरे देश में भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है तथा उन्हें भी काफी कुछ सीखने को मिला है।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांगड़ा जिला के इन्दौरा क्षेत्र के मानसर टॉल प्लाजा से मलोट गांव तक लगभग 24 किलोमीटर पैदल यात्रा तय कर 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। हजारों लोगों एवं समर्थकों ने राहुल गांधी का प्रदेश में पहुंचने पर स्वागत किया और यात्रा में पूरे उत्साह एवं जोश से भाग लिया।

गांधी इस 3570 किलोमीटर की यात्रा का नेतृत्व कर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन में उमंग एवं नया जोश भर रहे हैं। यह यात्रा सात सितंबर, 2022 को तमिलनाडू के कन्याकुमारी से आरम्भ हुई और 30 जनवरी, 2023 को श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ सम्पन्न होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.