After Header-1

40 प्रापर्टी डीलरों की अयोध्या विकास प्राधिकरण की सूची वायरल

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या में अवैध प्लाटिंग और अवैध कालोनाइजर से जुड़े 40 प्रापर्टी डीलरों की अयोध्या विकास प्राधिकरण की एक सूची वायरल हुयी है जिसमें अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय और भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ का नाम शामिल है।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा है कि प्राधिकरण के प्रवर्तन अवर अभियन्ता मामले की जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी जायेगी। उधर, भाजपा विधायक और पूर्व विधायक ने सूची की विश्वनीयता पर सवाल उठाते हुये कहा है कि नोटिस मिलने की दशा में वे सफाई देंगे।

सूत्रों का कहना है कि सरयू नदी के किनारे डूब क्षेत्र सरकारी नजूल और ग्रामीण क्षेत्र की जमीनों के एक बड़े हिस्से को सरकारी अधिकारियों के मिलीभगत से बड़े पैमाने पर प्रापर्टी डीलरों ने बेचा है। इस खरीद फरोख्त में किसी भी मानक का पालन नहीं किया गया है, जिसके मद्देनजर अयोध्या विकास प्राधिकरण अयोध्या में 40 ऐसे प्रापर्टी डीलरों की लिस्ट जारी की है जिन्होंने गैर कानूनी तरीके से जमीन बेची और प्लाटिंग करा दी। इन प्रापर्टी डीलरों की लिस्ट में अयोध्या के विधायक, नगर निगम के महापौर और मिल्कीपुर के पूर्व विधायक के नाम शामिल हैं।

फैजाबाद के सांसद लल्लू सिंह ने करीब एक सप्ताह पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा और इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या जिले में बड़े पैमाने पर सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से प्रापर्टी डीलरों ने जमीनों की प्लाटिंग की है और लोगों को बेचा है।

इस मामले में सांसद लल्लू सिंह ने एक एसआईटी गठित कर जांच कराने की भी मांग की थी, जिसके बाद अयोध्या विकास प्राधिकरण की सूची वायरल हो रही है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.