अग्निपथ योजना: मुख्य सचिव ने कि सेना के अधिकारियों के साथ बैठक, भर्ती प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन

देहरादून । अग्निपथ योजना के तहत राज्य में होने वाली भर्तियों के सम्बन्ध में आज मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु की अध्यक्षता में  शासन के उच्चाधिकारियों और सेना के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। मेजर जनरल एनएस राज पुरोहित को  मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया कि भर्ती प्रक्रिया में सेना को हर सम्भव सहयोग मिलेगी।

मुख्य सचिव ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि मानसून सीजन के कारण भर्ती स्थलों में जलभराव होने की सम्भावना बनी रहेगी, इसके लिए वाटर सक्शन पंप की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए जनपदों में जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों नोडल अधिकारी तैनात किए जाने के निर्देश दिए।

भर्ती स्थलों में रहने-खाने, शेल्टर आदि के साथ ही बिजली, पानी, सफाई एवं टॉयलेट्स की उचिव व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भर्ती स्थल में एम्बुलेंस, मेडिकल आफिसर आदि की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। युवाओं को भर्ती स्थलों तक आने-जाने में असुविधा न हो इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्य सचिव द्वारा खाने पीने की उचित कीमतों को सुनिश्चित किए जाने हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

कहा कि अत्यधिक भीड़-भाड़ होने के कारण ऐसे स्थलों में महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद भी ली जा सकती है। मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया में भर्ती एजेन्टों के नाम पर होने वाली ठगी और लेनदेन जैसी घटनाओं को रोकने हेतु पुलिस महानिदेशक को विशेष अभियान चलाए जाने एवं विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया।

भर्ती स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार कैमरों एवं सिविल इंटेलीजेंस आदि के माध्यम से निगरानी किए जाने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय भर्ती अधिकारी मेजर जनरल एन.एस. राजपुरोहित ने बताया कि उत्तराखण्ड में अगस्त एवं सितम्बर में अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो रही है जिसके लिए आनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया सेना की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.जॉइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन के माध्यम से शुरू हो गयी है।

गढ़वाल क्षेत्र के सभी जनपदों के लिए भर्ती रैली 19 अगस्त से 31 अगस्त, 2022 तक कोटद्वार में आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार कुमाऊं क्षेत्र में अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और उधमसिंह नगर के लिए भर्ती रैली 20 अगस्त, 2022 से 31 अगस्त, 2022 तक रानीखेत में और चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपदों के लिए 05 सितम्बर, 2022 से 12 सितम्बर, 2022 तक पिथौरागढ़ में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.