लोकगायक नवीन सेमवाल का निधन, संस्कृति जगत में शोक की लहर

मेरी बामणी बामणी गढवाली गीत से सुर्खियों में आए थे नवीन सेमवाल

देहरादून। मेरी बामणी बामणी गढवाली गीत से सुर्खियों में आए गीतकार, लोकगायक एवं प्रसिद्ध रंगकर्मी नवीन सेमवाल का मंगलवार की सुबह दून के एक निजि अस्पताल में निधन हो गया। वह लगभग 44 वर्ष के थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो लडक़े और एक लडक़ी को छोड़ गए।

उनके निधन से लोक कलाकारों व संस्कृति जगत में शोक की लहर है। उनके आकस्मिक निधन से हर कोई स्तब्ध है। उनके निधन पर प्रदेश के लोक कलाकारों, साहित्यकारों, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने शोक करते हुए उनके निधन को लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी लोक गायक नवीन सेमवाल के निधन पर शोक जताया।
रुद्रप्रयाग के फाटा गांव निावसी नवीन सेमवाल पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका उपचार हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट में चल रहा था। उसके बाद घर आ गए थे, सोमवार की देर रात उनकी तबियत अधिक खराब होने पर उन्हें दून के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया, यहां चिकित्सकों के काफी प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सुनते ही लोक गायकों व संस्कृति जगत में शोक की लहर दौड़ गयी। लोकगायक नवीन सेमवाल मेरी बामणी बामणीगढ़वाली गीत से काफी प्रसिद्धि मिली थी। उनका यह गीत काफी प्रसिद्ध हुआ। इस गीत को यूट्यूब पर दो करोड़ 40 लाख से अधिक बार देखा गया। वह सोशल मीडिया पर लघु हास्य गढ$वाली फिल्म बनाकर अपने प्रशंसकों का खूब मनोरंजन भी करते थे। इस गीत के बाद उन्हें हर कोई पहचानने और जानने लगा था।

उन्होंने बामणी बामणी टू, संजू का बाबा, ओ रे स्वीटी, पांगरी का मेला, गंगाराम, फागुणै फुलार सहित कई गीत गाए। इसके अलावा उन्होंने लघु फिल्मों में हास्य कलाकार के रूप में काम किया। स्वर्गीय सेमवाल ने भूत नचै, ऑनलाइन पढ़ै, मंगतु परदेशी, बौण मा चखल पखल, लॉकडाउन में कारोबार आदि लघु फिल्मों में काम किया।
उनके निधन पर गढरत्न लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, लोकगायिका संगीता ढौंडियाल, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, गायिका हेमा नेगी करासी, सौरभ मैठाणी, संजय भंडारी, विपिन सेमवाल, कवियत्री उपासना, किशन महिपाल, गजेंद्र राणा सहित संगीतकारों, साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों व विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शोक प्रकट किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.