After Header-1

असम में बाढ़ की स्थिति बिगड़ी, अधिकांश नदियां खतरे के निशान के ऊपर

गुवाहाटी । असम में बाढ़ से स्थिति खराब हो गयी है। राज्य में अधिकांश नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। राज्य में करीब 25 जिलों के 11 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं जिसमें नया बनाया गया बाजाली जिला सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।

बाढ़ से प्रभावित जिलों में करीब 19782.80 हेक्टर कृषि भूमि पानी में डूब गयी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 72 राजस्व क्षेत्रों के 1,510 गांव पानी में डूब गए हैं। इन जिलों के प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से आग्रह किया है कि अतिआवश्यक और स्वास्थ्य आपातकालीन स्थिति होने पर ही घर से बाहर निकलें।

बाढ़ के कारण गुवाहाटी से विभिन्न जिलों का सड़क से संपर्क टूट चुका है। असम से बराक घाटी का संपर्क बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग छह पर सड़क टूटने से पूरी तरह से खत्म हो गया है। राजधानी गुवाहाटी के ज्यादातर हिस्से लगातार तीसरे दिन भी जलजमाव के कारण बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं।

गुवाहाटी में भूस्खलन की घटनाओं से नूनमति इलाके के अजंतानगर में तीन लोग घायल हो गए हैं। भूस्खलन से गोलपारा जिलें में दो बच्चे की मौत हो गयी। अधिकारियों के मुताबिक नीचले असम में रांगिया खंड में नालबारी और घोगरापार के बीच पटरियों पर जलजमाव से कम से कम छह ट्रेनें रद्द कर दी गयी हैं और चार ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर बॉलिवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और निदेशक रोहित शेट्टी का धन्यवाद किया है जिन्होंने राज्य में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच लाख रुपये की मदद की है। असम और मेघालय में बुधवार तक सामान्य से 272 मिमी अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में रेड अलर्ट को इस सप्ताहांत तक बढ़ा दिया है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.