कैलाश सत्यार्थी ने सीएम योगी से की ललितपुर थाने के सभी पुलिस कर्मियों को निलंबित कर उनपर पर कार्रवाई की मांग
नयी दिल्ली । बाल अधिकार संरक्षण के पूरोधा एवं नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमत्री योगी आदित्य नाथ से ललितपुर के थाने में किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म किए जाने के मामले में पूरे थाने के सभी पुलिस कर्मियों को निलंबित करके उनपर पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
श्री सत्यार्थी ने गुरुवार को ट्विटर पर एक बयान में कहा, बलात्कार की रपट लिखाने गई 13 साल की बच्ची के साथ दरोगा द्वारा बलात्कार भारत के लोकतंत्र पर लगा कलंक है। ललितपुर के थाने में मौजूद हरेक पुलिसकर्मी को निलंबित करके पूरे थाने पर कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री , कृपया इस कलंक को पोंछने के लिए सख्त कदम उठाइये। गौरतलब है कि आरोपी थाना प्रभारी को ललितपुर के पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को ही निलंबित करके उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया था।
इसके अलावा बुधवार को पुलिस थाने के अन्य कर्मचारियों को भी लाइन हाजिर करके पुलिस उपमहानिरीक्षक स्तर के अधिकारी को मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
बालश्रम उन्मूलन के लिए संघर्ष शील श्री सत्यार्थी बालकों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिए जाने की दुनिया भर की सरकारों को सचेत करते रहे हैं। उन्हें इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए 2014 में पाकिस्तान की महिला कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई के साथ संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।