यूपी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए मोदी के करीबी एके शर्मा

लखनऊ । भाजपा ने  आज पीएम मोदी के करीबी पूर्व आईएएस अधिकारी एके शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी दी है। ब्यूरोक्रेसी से राजनीति में आएं एके शर्मा को उत्तर प्रदेश भाजपा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। एके शर्मा के साथ ही दो मंत्री भी बनाए गए हैं। एके शर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावनाएं जताई जा रही थी। लेकिन उत्तर प्रदेश को लेकर भाजपा में हुई लगातार बैठकों के बाद यह फैसला लिया गया है।

एके शर्मा यूपी में कोविड नियंत्रण अभियान में जुटे हुए थे। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कोरोना को नियंत्रित करने में उनका खास योगदान माना गया। पीएमओ और वाराणसी के बीच एक सेतु की तरह काम कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी तारीफ की थी। आपको बताते हैं कि प्रधानमंत्री कार्यालय में जिम्मेदारी संभाल रहे एके शर्मा अचानक राजनीति में आए और भाजपा ने उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाया।

भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने बताया कि इन लोगों की नियुक्ति से पार्टी और संगठन को मजबूती मिलेगी। खासकर एके शर्मा के बारे में उन्होंने कहा कि वह मऊ से आते हैं। वहां उनका काफी वर्चस्व है। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। पूर्वांचल में पार्टी को बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। वह लंबे समय तक ब्यूरोक्रेसी में रहे हैं, उनके अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.