After Header-1

महिला सशक्तिकरण पर रुचि भट्ट का बड़ा बयान, बताया नारी शक्ति का असली अर्थ

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तिकरण तभी संभव है, जब महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाने के बजाय उन्हें निर्णय लेने और नेतृत्व करने के समान अवसर दिए जाएं। महिलाओं की भागीदारी परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के हर क्षेत्र में सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रुचि भट्ट ने महिला सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को हमेशा शक्ति, सृजन, सामर्थ्य और नेतृत्व का प्रतीक माना गया है। भारत का इतिहास ऐसी महान महिलाओं के उदाहरणों से भरा पड़ा है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, साहस और नेतृत्व क्षमता से समाज को नई दिशा दी।

उन्होंने वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में महिलाओं ने ज्ञान और विचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर जैसी वीरांगनाओं ने अपने साहस, संघर्ष और कुशल नेतृत्व से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है।

रुचि भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का दायरा केवल महिलाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने या सरकारी योजनाओं का लाभ देने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसके लिए महिलाओं को अधिकार, सम्मान और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का अवसर देना जरूरी है। जब महिलाएं स्वयं निर्णय लेने में सक्षम होंगी और विकास की योजनाओं के निर्माण से लेकर उनके क्रियान्वयन तक अपनी भूमिका निभाएंगी, तभी समाज में वास्तविक बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में भागीदार बनाने के साथ नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे लाना जरूरी है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी महिला नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

प्रेस वार्ता में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के साथ प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी और प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल मौजूद रहीं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.