हरिद्वार, 29 नवंबर। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रविवार सुबह एक पैकेजिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ में घनी आबादी के बीच स्थित प्रगति पैकेजिंग फैक्ट्री में सुबह करीब सात बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार और ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
संकरी सड़कों के कारण दमकल कर्मियों को हुई परेशानी
फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही बहादराबाद फायर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, फैक्ट्री घनी आबादी वाले क्षेत्र में होने और आसपास की सड़कें संकरी होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस दौरान आग लगातार फैलती रही। स्थिति को देखते हुए आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से आग बुझाने में दमकल कर्मियों की मदद करने लगे। दमकल विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर करीब ढाई घंटे तक लगातार प्रयास किए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
तैयार माल, कच्चा माल और मशीनें जलकर राख
आग बुझने तक फैक्ट्री के अंदर रखा तैयार सामान, कच्चा माल और मशीनें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं। फैक्ट्री में गत्ते के बॉक्स बनाने का काम किया जाता था। इस अग्निकांड में फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फायर यूनिट प्रभारी गननाथ सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के घरों और लोगों को संभावित खतरे से बचाया जा सका।

