हरिद्वार, 29 नवंबर। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की नगर पालिका परिषद लक्सर में विकास कार्यों को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में सभासदों ने पहल की है। नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, वित्तीय मामलों की निगरानी और आम जनता की समस्याओं का बेहतर समाधान करने के लिए सभासदों ने नौ प्रमुख समितियों के गठन की मांग उठाई है।
इस संबंध में सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष को एक पत्र सौंपा है। इसमें आगामी बोर्ड बैठक के एजेंडे में समितियों के गठन का प्रस्ताव शामिल करने और नियमानुसार इस पर निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है।
इन नौ समितियों के गठन का रखा प्रस्ताव
सभासदों ने अपने प्रस्ताव में निर्माण कार्य एवं गुणवत्ता निगरानी समिति, टेंडर एवं क्रय प्रक्रिया समीक्षा समिति, वित्त एवं लेखा समिति, बजट एवं भुगतान समीक्षा समिति, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य समिति, पेयजल एवं जल निकासी समिति, पथ प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था समिति, विकास कार्य एवं वार्ड निगरानी समिति तथा जनशिकायत एवं जनसुनवाई समिति बनाने की मांग की है।
उनका कहना है कि इन समितियों के माध्यम से नगर पालिका के अलग-अलग कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा की जा सकेगी। इससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को भी समय रहते सामने लाया जा सकेगा।
समितियों के अधिकार और जिम्मेदारियां होंगी तय
सभासदों ने प्रस्ताव में कहा है कि प्रत्येक समिति में नियमानुसार तीन निर्वाचित सभासदों को सदस्य बनाया जाए। समिति के अध्यक्ष और सदस्यों का चयन निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के अनुसार किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक समिति के कार्यक्षेत्र और अधिकार लिखित रूप में निर्धारित किए जाएं।
उन्होंने यह भी मांग की है कि संबंधित विभागों के अधिकारी समितियों को जरूरी अभिलेख और सूचनाएं उपलब्ध कराएं। समितियों की नियमित बैठक आयोजित हो और प्रत्येक समिति अपनी रिपोर्ट आगामी बोर्ड बैठक में पेश करे।
पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर
सभासदों का मानना है कि नौ समितियों के गठन से नगर पालिका के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। इससे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के साथ वार्डों की समस्याओं को भी प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
पत्र पर सचिन (वार्ड 10, केशव नगर), पंकज कुमार (वार्ड 04, शिवपुरी), नीलम (वार्ड 11, केशव नगर पूर्वी), अरविंद कुमार (वार्ड 01, अंबेडकर नगर) और हरीश (वार्ड 03, शिवपुरी) सहित अन्य सभासदों के हस्ताक्षर हैं।

