After Header-1

सड़क हादसों पर सख्त हुए धामी, ओवरस्पीडिंग से नशे में ड्राइविंग तक पर चलेगा अभियान

देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना सरकार और सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाए। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों के खिलाफ भी नियमित अभियान चलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों की सड़कों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी मार्गों पर चलने वाले वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच की जाए। इससे न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि तकनीकी रूप से अनफिट वाहनों और लापरवाह चालकों के कारण होने वाले हादसों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।

धामी ने अधिकारियों को पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन अध्ययन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां जरूरी सुधारात्मक और सुरक्षात्मक इंतजाम किए जाएं। पर्वतीय मार्गों पर जरूरत के अनुसार सड़क सुरक्षा से जुड़े संसाधन और व्यवस्थाएं मजबूत की जाएं।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका जमीन पर प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करना होगा। सरकार का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना है। इसके लिए सभी विभाग ठोस और परिणामोन्मुखी कदम उठाएं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.