After Header-1

किसानों की आय बढ़ाने में उत्तराखंड देश में नंबर वन, गणेश जोशी ने बताईं सरकार की उपलब्धियां

देहरादून। उत्तराखंड ने किसानों की आय में बढ़ोतरी के मामले में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने धामी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए यह दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कृषि, बागवानी और किसान कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए बीज से लेकर बाजार तक किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और उत्तराखंड किसानों की आय बढ़ाने के मामले में देश में अग्रणी बना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के आठ लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। इस सहायता से किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

गणेश जोशी ने कहा कि किसानों को कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 4.5 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी गई है। इससे किसानों को खेती, बीज, खाद और अन्य कृषि जरूरतों के लिए समय पर ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में सामूहिक भागीदारी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कृषि स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे छोटे किसानों और समूहों को अपनी गतिविधियों का विस्तार करने तथा कृषि आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायता मिल रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने, आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रोत्साहित करने और कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन पहलों से उत्तराखंड का कृषि एवं बागवानी क्षेत्र और मजबूत होगा तथा किसानों की समृद्धि का रास्ता खुलेगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.