After Header-1

महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर भाजपा का बड़ा बयान, विरोध करने वालों को दी चुनावी चेतावनी

देहरादून। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयकों को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। पार्टी ने इसे महिलाओं को राजनीतिक और नीतिगत निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह निर्णय मातृशक्ति को नीति-निर्माण के केंद्र में लाने वाला ऐतिहासिक और दूरगामी साबित होगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि महिला आरक्षण के माध्यम से देश की आधी आबादी को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उचित भागीदारी देने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार राजनीतिक विरोध और अन्य बाधाओं को दूर करते हुए महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने की दिशा में निर्णायक सफलता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। महिला आरक्षण संशोधन विधेयक इसी सोच को आगे बढ़ाने वाला प्रयास है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नीति निर्माण में उनकी आवाज को अधिक मजबूती मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल इस बार भी महिला आरक्षण का विरोध करेंगे, उन्हें जनता चुनाव में जवाब देगी। उनके अनुसार, महिलाओं को उनका अधिकार देने के मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीतिक बाधा स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।

भट्ट ने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को लेकर उत्तराखंड सहित पूरे देश में महिलाओं के बीच काफी उत्साह और उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन संशोधनों के माध्यम से महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे आने के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल सामाजिक विकास का विषय नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक समावेशी और मजबूत बनाने की आवश्यकता भी है। महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलने से विकास की प्राथमिकताओं में भी व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.