After Header-1

उत्तराखंड के उद्यमियों के लिए खुलेंगे वैश्विक बाजारों के रास्ते, देहरादून में हुई अहम कार्यशाला

देहरादून। उत्तराखंड के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने तथा निर्यात की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी), क्षेत्रीय प्राधिकरण दिल्ली की ओर से उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग के सहयोग से होटल हयात सेंट्रिक में यह एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसका विषय ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना’ रखा गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य भारत के विभिन्न देशों और व्यापारिक समूहों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदेश के उद्यमियों और निर्यातकों तक पहुंचाना था। इसके माध्यम से स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने और निर्यात कारोबार की संभावनाओं से अवगत कराने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव अमित वर्मा, विदेश व्यापार महानिदेशक निखिल वर्मा तथा उत्तराखंड के उद्योग महानिदेशक एवं आयुक्त सौरभ गहरवार भी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों, निर्यातकों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पीएचडीसीसीआई (PHDCCI), भारतीय उद्योग परिसंघ (CII), इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (EEPC), एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (EPCH), एपीडा (APEDA) और एसईपीसी (SEPC) सहित प्रमुख व्यापार एवं निर्यात संवर्धन संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यशाला के जरिए उद्यमियों को मुक्त व्यापार समझौतों के महत्व और इनके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापार में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया। माना जा रहा है कि ऐसी पहल से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि आधारित वस्तुओं और औद्योगिक उत्पादों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। साथ ही प्रदेश के छोटे और मध्यम उद्योगों को निर्यात गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.