कैबिनेट के इन निर्णयों से स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़े क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी को उनकी सेवाओं के प्रति सरकार की ओर से आर्थिक राहत के रूप में देखा जा रहा है।
युवाओं के लिए भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण फैसला लिया। वन आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे अधिक आयु वाले अभ्यर्थियों को भी मौका मिल सकेगा। वहीं, हरिद्वार में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) के तहत ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
कर्मचारियों और श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 के प्रख्यापन को भी स्वीकृति दी गई। इसके तहत संगठित और असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की व्यवस्था होगी। असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित किए जाएंगे।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पदों समेत कुल 11 नए पद सृजित करने का निर्णय भी लिया गया।
इसके अलावा ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.90 एकड़ आरक्षित वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। ईएसआई योजना में फार्मासिस्ट भर्ती के लिए बी.फार्मा को शैक्षिक योग्यता में शामिल करने, एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन और उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में एक अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद सृजित करने को भी मंजूरी मिली।
कैबिनेट ने एनएचआईडीसीएल को निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने के साथ ही राजस्व निरीक्षक, लेखा परीक्षा और महाधिवक्ता कार्यालय की सेवा नियमावलियों में संशोधन सहित अन्य प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया।

