नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज हुसैन और पुत्रवधू अफशां से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया। इस मुलाकात की तस्वीरें शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए बताया कि मोहन भागवत उनके आवास पर बेटे अरबाज और बहू अफशां को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। उन्होंने लिखा कि भागवत का स्नेह और आशीर्वाद उनके पूरे परिवार के लिए अमूल्य है। इसके लिए उन्होंने परिवार की ओर से संघ प्रमुख का हृदय से आभार भी व्यक्त किया।
शाहनवाज हुसैन की ओर से साझा की गई चार तस्वीरों में मोहन भागवत परिवार के सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह नवदंपति को फूलों का गुलदस्ता और उपहार देते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज हुसैन का विवाह अक्टूबर माह में अफशां अकरम खान के साथ हुआ था। इसी क्रम में मोहन भागवत ने उनके आवास पहुंचकर नवदंपति को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

