After Header-1

चुनाव से पहले हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन, अराजक तत्वों और नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा

हरिद्वार। आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों, अवैध हथियार रखने वालों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी। एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद गुरुवार को पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने अक्टूबर माह के अपराधों और उनके खुलासे की समीक्षा की। बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, लंबित विवेचनाओं, गंभीर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी चर्चा हुई। इस दौरान एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक कुमार समेत सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि चुनाव से पहले धारा 107/116 और 151 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई तेज की जाए। सभी लाइसेंसी हथियार जमा कराने के साथ अवैध असलहों की सप्लाई चेन पर भी नजर रखी जाए। शराब और नशे का सेवन कर माहौल खराब करने वाले पिल्ला गैंग के सदस्यों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा। सोशल मीडिया पर चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।

लंबित मामलों में अधिकारियों की होगी जवाबदेही

हत्या समेत गंभीर अपराधों के लंबित खुलासों पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं की साप्ताहिक समीक्षा होगी और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

महिला एवं बाल अपराधों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। सत्यापन अभियान तेज करने और वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान जारी रखने को कहा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति भंग करने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.