राज्यपाल गुरुवार को गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं के उचित उपयोग और मरीजों को सही जानकारी देने में उनकी जिम्मेदारी अहम है।
राज्यपाल ने इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ भारत : रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला’ का उल्लेख करते हुए कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) आज दुनिया के सामने गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन रहा है। रोगाणुरोधी दवाओं, विशेषकर एंटीबायोटिक के अनावश्यक और गलत इस्तेमाल से संक्रमणों का उपचार लगातार कठिन होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक लेना और निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले दवा बंद कर देना इस समस्या के प्रमुख कारण हैं। ऐसे में फार्मासिस्टों को मरीजों को दवाओं के जिम्मेदार उपयोग के बारे में जागरूक करना चाहिए। साथ ही उन्हें यह समझाना चाहिए कि चिकित्सकीय सलाह के बिना दवाओं का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
अपने चिकित्सकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने बताया कि मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं की चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर सही उपचार, उचित दवा और उसके इस्तेमाल की जानकारी उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।
उन्होंने फार्मासिस्टों से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।

