देहरादून। उत्तराखंड में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार अभियोजन विभाग की क्षमता बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने सहित तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस, अभियोजन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आमजन को इन कानूनों के प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए भी धनराशि खर्च की जाएगी। उन्होंने अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी जिलों में कार्यालयों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने की घोषणा भी की।
धामी ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों का कानूनी परीक्षण करना और तथ्यों को निष्पक्षता के साथ न्यायालय के सामने रखना अभियोजन अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी है। उनकी दक्षता और निष्पक्षता से ही न्याय व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में औपनिवेशिक काल के कानूनों की जगह भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष ध्यान दिया गया है। ऐसे में इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों का प्रशिक्षित होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार न्यायिक ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों का निर्माण, पुराने भवनों का आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालय और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को न्याय तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 12 लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया। साथ ही उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

