गोपेश्वर। चमोली जिले के दशोली विकासखंड के देवर खडोरा स्थित हरियाली स्वायत्त सहकारिता में निर्माणाधीन संग्रहण केंद्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निर्माण कार्य और भुगतान प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सहकारिता की अध्यक्ष सीमा असवाल ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अध्यक्ष ने जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) पर आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य से जुड़े जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किए बिना ही ठेकेदार को भुगतान कराने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर कर्मचारियों का वेतन रोकने और उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी भी दी जा रही है।
शिकायत के मुताबिक, संग्रहण केंद्र का निर्माण करीब 12 लाख 28 हजार 400 रुपये की लागत से कराया जा रहा है। सीमा असवाल का कहना है कि निर्माण कार्य से संबंधित कोटेशन, कार्यादेश, तकनीकी स्वीकृति, बिल-वाउचर और अन्य जरूरी अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन होना चाहिए। उन्होंने इन दस्तावेजों की उपलब्धता और वित्तीय प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया, लेकिन इसके बावजूद उन पर भुगतान कराने का अनुचित दबाव बनाया गया।
अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम से कर्मचारियों में भय और मानसिक तनाव का माहौल बना हुआ है। उन्होंने सीडीओ से निर्माण कार्य और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कराने का अनुरोध किया है।
शिकायती पत्र में कोटेशन, कार्यादेश, स्वीकृति पत्र, बिल-वाउचर, भुगतान रजिस्टर, माप पुस्तिका (एमबी) और गुणवत्ता प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराने की मांग की गई है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखने और नियमों के विपरीत किसी भी भुगतान पर रोक लगाने का आग्रह किया गया है।
सीमा असवाल ने आशंका जताई कि रीप परियोजना के तहत जिले की अन्य सहकारिताओं में बन रहे संग्रहण केंद्रों में भी इस तरह की अनियमितताएं हो सकती हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और कर्मचारियों को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने की मांग की है।

