मशरूम से बनाई बिजली पैदा करने वाली बैटरी, इस्तेमाल के बाद खुद हो जाएगी नष्ट
स्विट्जरलैंड के वैज्ञानिकों का अनोखा प्रयोग, तापमान सेंसर को कई दिनों तक दे सकती है ऊर्जा; ई-कचरे की समस्या कम करने की उम्मीद
आशीष सिंह
देहरादून। विज्ञान और तकनीक की दुनिया में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखा प्रयोग सामने आया है। स्विट्जरलैंड के वैज्ञानिकों ने मशरूम यानी फफूंद की मदद से ऐसी जैविक बैटरी विकसित की है, जो बिजली पैदा करने के साथ इस्तेमाल के बाद प्राकृतिक रूप से नष्ट भी हो सकती है। यह तकनीक भविष्य में इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-कचरे) को कम करने और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा विकल्प विकसित करने में मददगार साबित हो सकती है।
यह शोध स्विट्जरलैंड के फेडरल लेबोरेटरीज फॉर मैटेरियल्स साइंस एंड टेक्नोलॉजी (Empa) के वैज्ञानिकों ने किया है। शोध दल में वैज्ञानिक डॉ. कैरोलिना रेयेस और डॉ. गुस्ताव न्यूस्ट्रॉम शामिल रहे। इस तकनीक से संबंधित शोध 15 अक्टूबर 2024 को वैज्ञानिक पत्रिका ‘एसीएस सस्टेनेबल केमिस्ट्री एंड इंजीनियरिंग’ में प्रकाशित हुआ था। इसके बाद 9 जनवरी 2025 को एम्पा ने इसकी विस्तृत जानकारी साझा की।
दो तरह के फफूंद से तैयार की बैटरी
वैज्ञानिकों ने इस बैटरी को तैयार करने के लिए दो प्रकार के फफूंद का इस्तेमाल किया है। इसमें एक यीस्ट फंगस (खमीर) और दूसरा व्हाइट रॉट फंगस शामिल है। दोनों की भूमिका अलग-अलग है। यीस्ट फंगस पोषक तत्वों से इलेक्ट्रॉन मुक्त करता है, जबकि व्हाइट रॉट फंगस एक विशेष एंजाइम की मदद से इन इलेक्ट्रॉनों को ग्रहण करने और उनके प्रवाह में सहायता करता है। इसी प्रक्रिया से बिजली पैदा होती है।
इस बैटरी को सामान्य बैटरी की तरह चार्ज करने की जरूरत नहीं होती, बल्कि इसके जीवित सूक्ष्मजीवों को सक्रिय रखने के लिए पानी और पोषक तत्व, खासकर साधारण शर्करा, की जरूरत होती है। इसे 3डी प्रिंटिंग तकनीक से तैयार किया गया है। इसके निर्माण में सेलुलोज आधारित विशेष सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसे फफूंद स्वयं भी पोषक तत्व के रूप में इस्तेमाल कर सकता है।
छोटे उपकरणों को दे सकती है ऊर्जा
फिलहाल इसकी बिजली उत्पादन क्षमता सीमित है, लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार यह तापमान मापने वाले सेंसर को कई दिनों तक संचालित करने में सक्षम है। कृषि और दूरदराज के क्षेत्रों में पर्यावरण संबंधी शोध के दौरान ऐसे सेंसर उपयोगी हो सकते हैं।
इस बैटरी की सबसे बड़ी खासियत इसका जैविक और बायोडिग्रेडेबल होना है। इस्तेमाल के बाद इसके घटक प्राकृतिक रूप से विघटित हो सकते हैं। वैज्ञानिक अब इसकी ऊर्जा क्षमता और कार्य करने की अवधि बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। भविष्य में यह तकनीक कम ऊर्जा खपत वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए उपयोगी विकल्प बन सकती है।

